फतेहपुर। दूसरे राज्यों से श्रमिक स्पेशल ट्रेन आने का सिलसिला जारी है । मंगलवार सुबह 15 मिनट के अंतराल में दो ट्रेनें पहुंची। ट्रेनों में कुल 1821 मुसाफिर थे। इनमें 164 बच्चे थे। प्रवासियों को बसों से गंतव्य की ओर रवाना किया गया। दोनों ट्रेनों में गैर जिले के प्रवासियों की संख्या 1489 रही।
पहली ट्रेन सुबह 6:30 बजे अहमदाबाद से चलकर आई । इस श्रमिक स्पेशल ट्रेन में 1573 वयस्क और 157 बच्चे सवार थे। दूसरी श्रमिक स्पेशल ट्रेन गाजियाबाद से आई। 15 मिनट के अंतराल में आई इस ट्रेन को प्लेटफार्म नंबर दो पर रोका गया। इस ट्रेन में 84 वयस्क और 7 बच्चे सवारी करके यहां तक पहुंचे । चंद मिनट के अंतराल में 2 सैनिक ट्रेनों के आने से स्वास्थ्य विभाग को थर्मल स्क्रीनिंग के लिए अलग-अलग मोर्चा संभालना पड़ा । आला अफसरों की निगहबानी में सारे मुसाफिरों को एक-एक करके कॉमन हाल भेजा जाता रहा । यहीं पर इन सभी को मास्क और लंच पैकेट के साथ पानी की बोतलें मुहैया कराई गई । अहमदाबाद से आई ट्रेन यहीं पर पूरी खाली हो गई जबकि गाजियाबाद चली ट्रेन 91 सवारियां उतार कर आगे की ओर बढ़ गई । सुबह आई दोनों ट्रेनों में गैर जिले के प्रवासियों की तादाद 1489 रही। इस मौके पर एडीएम पप्पू गुप्ता सदर एसडीएम प्रमोद झा डीएसपी कपिल देव मिश्रा एसीएमओ संजय कुमार रेलवे के एसएस आर के सिंह सीएमआई अमित वर्मा और एआरएम माखनलाल केसरवानी भी मौजूद रहे।