फतेहपुर। केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने लाकडाउन के बीच घर वापसी कर रहे श्रमिकों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सोमवार को डीएम और एसपी के साथ संक्रमण काल में चलाए जा रहे राहत कार्य और कोरोना पॉजिटिव वाले हॉटस्पॉट स्थलों की समीक्षा की।
पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पहुचीं केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने जिलाधिकारी संजीव सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा, अयाह शाह विधायक विकास गुप्त और भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष मिश्र के साथ वैश्विक महामारी में आमजन की सहूलियत, उनके दैनिक उपयोग की वस्तुओं की उपलब्धता और घर वापसी कर रहे श्रमिकों के समुचित स्वास्थ्य परीक्षण एवं लोगों को होम क्वारंटीन के लिए घर तक भेजने की व्यवस्था की समीक्षा
की। उन्होंने डीएम और एसपी को जिले के अबतक के हॉटस्पॉट वाले स्थानों में सख्ती रखने और अधिक से अधिक लोगों का परीक्षण कराने के निर्देश दिए। दिनरात ड्यूटी में लगे स्वास्थ्य , सफाई और पुलिस कर्मियों को भी जरूरी एहतियात बरतने के निर्देश दिए। साध्वी ने डीएम और एसपी से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाय कि जिन लोगों को होम क्वारंटीन के लिए भेजा जा रहा है, वह घरों से बाहर ना निकलें और सभी सावधानियों का पालन करें। उन्होंने सभी जरूरतमंदों को भोजन, राशन और दवा की व्यवस्था शतप्रतिशत कराने के भी निर्देश दिए। साध्वी के निजी सहायक राजेंद्र निषाद और कार्यालय प्रवक्ता शिव प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।