खागा। आंधी में टूटकर गिरे हाईटेंशन लाइन के तार पर पैर पड़ते ही छात्र करंट की चपेट में आ गया। तड़पकर उसकी मौत हो गई। वह सुबह शौच के लिए निकला था। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने ग्रामीणों को शांत कर शव का पोस्टमार्टम कराया।
खागा कोतवाली के टेनी गांव निवासी गिरधारी मौर्य का बेटा पंकज (15) शुकदेव इंटर कालेज में कक्षा 12 का छात्र था। उसने इंटर की परीक्षा दी थी। वह चार भाइयों में सबसे छोटा था। खेती में हाथ भी बंटाता था। मंगलवार सुबह जंगल की ओर जा रहा था। गांव के बाहर खेत तक पहुंचा था। सोमवार की रात आई आंधी में गिरे हाईटेंशन लाइन के तार में पंकज का पैर छू गया। करंट लगने से झुलस कर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गांव के कुछ लोग गुजर रहे थे। छात्र का शव देखकर परिवार को सूचना दी। ग्रामीणों का बिजली विभाग पर गुस्सा भड़का लेकिन पुलिस ने शांत करा दिया। कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।