हुसैनगंज (फतेहपुर)। घर से लापता युवक का शव दस दिन बाद सोमवार को खेत के सूखे कुएं से बरामद हुआ। पुलिस ने युवक के तीन दोस्तों को गिरफ्तार किया है। बड़े भाई की तहरीर पर सभी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट की गई। पुलिस ने प्रथम दृष्टया नशेबाजी व युवक के पास मौजूद रकम की छीनाझपटी में हत्या का अंदेशा जताया है। घटना हुसैनगंज थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव की है।
गांव निवासी किसान रामकृपाल पाल का मंझला बेटा अरविंद पाल उर्फ लल्ले (24) ट्रक में खलासी था। इन दिनों लॉकडाउन के कारण घर में था। वह अविवाहित था। बड़े भाई विनोद पाल ने पुलिस को बताया कि 23 अप्रैल की रात भाई घर से 10 हजार रुपये लेकर गांव के सचिन उर्फ चोटई यादव, अमित यादव और जुगुल का पुरवा निवासी कल्लू के साथ निकला था। आपस में बाइक खरीदने की बात हो रही थी। घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन चालू की। पता न चलने पर 27 अप्रैल को भिटौरा चौकी में भाई के लापता होने की सूचना दी थी। पहली मई को पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की।
सोमवार की सुबह ग्रामीण गांव के बाहर शौच के लिए गए थे। गांव के छैलबिहारी के खेत में स्थित सूखे कुएं से दुर्गंध आने पर कुछ लोगों ने पास जाकर देखा तो शव पड़ा था। पुलिस ने शव कुएं से बाहर निकलवाया। युवक के परिजनों ने शव की शिनाख्त की। पिता, बड़े भाई और छोटे भाई का रो-रोकर हाल बेहाल हैं। बड़े भाई की तहरीर पर पुलिस ने तीनों दोस्तों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। एसएसआई कमलेश पाल ने बताया कि मृतक के पास रुपये नहीं मिले। आरोपियों से पूछताछ में प्रथम दृष्टया मामला नशेबाजी व रुपयों की छीनाझपटी में मारपीट का आया है। मृतक और हत्यारोपी अक्सर साथ बैठकर शराब पीते थे। हो सकता है शराब पीने में रुपयों को लेकर मारपीट हो हुई हो और उसकी मौत गई हो।