फतेहपुर। ग्रीन जिले में लॉकडाउन के तीसरे चरण का पहला दिन पूरा होने के बाद भी प्रशासन यह तय नहीं कर पा रहा कि किस श्रेणी की दुकानें खोली जाएं और कौन सी नहीं। सोमवार को दिन भर व्यापारियों और प्रशासन के बीच वार्ता का क्रम चला। मंगलवार को भी तहसील क्षेत्र से व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों को बुलाया गया है। जिलाधिकारी संजीव सिंह ने विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर बाजार खोले जाने अथवा बंद रखने के बिंदु पर विमर्श किया। हालांकि स्पष्ट हल नहीं मिला।
ग्रीन जोन इलाकों में छूट दिए जाने की शासन से एडवाइजरी जारी होने के बावजूद अभी तक जनपद में यह तय नहीं हो सका है कि किस श्रेणी के व्यापारिक प्रतिष्ठान खोले जाएंगे और किस श्रेणी के व्यापारों को गैर आवश्यक श्रेणी में रखते हुए उन्हें खोले जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। हालांकि इस बात को लेकर डीएम संजीव सिंह ने कैंप कार्यालय में व्यापार मंडल के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। जिसमें डीएम ने व्यापारियों
से आवश्यक और गैर आवश्यक श्रेणी के व्यापार को लेकर सुझाव मांगे। इसके साथ ही जनपद में यातायात को लेकर प्राइवेट और सरकारी बसों के संचालन पर विमर्श किया गया। जिसमे एआरएम रोडवेज एमएल केशरवानी और प्राइवेट बस संगठन के प्रतिनिधि से वार्ता की गई। बैठक में व्यापारी नेता राजेंद्र त्रिवेदी, किशन मेहरोत्रा, प्रदीप गर्ग, रवि दुबे और फरहत अली, सीओ केडी मिश्र और एसडीएम प्रमोद झा मौजूद रहे।