फतेहपुर। लॉकडाउन-3 सोमवार से शुरू हो गया। वैसे तो ग्रीन जोन को कई सहूलियतें मिली हैं, लेकिन आसपास के जिलों के रेड व ऑरेंज जोन में होने से शराब की दुकान छोड़कर और कोई नई गतिविधि की इजाजत नहीं दी गई है। इसके बावजूद सुबह से ही सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ज्यादा रही। बाजारों में भीड़ बढ़ी। कलक्टरगंज, हरिहरगंज में पुलिस को सख्ती कर गैर जरूरी वस्तुओं की दुकानें बंद करानी पड़ीं।
कोरोना संक्रमण से बचाव को 40 दिन में लॉकडाउन के दो राउंड खत्म चुके हैं। तीसरे राउंड की शुरुआत सोमवार से हुई। यह राउंड दो सप्ताह का होगा। जिला बेशक ग्रीन जोन में है लेकिन आसपास के जिलों के रेड और ऑरेंज जोन में होने की वजह से प्रशासन कोई रिस्क लेने के मूड में नहीं। दुकानदार से लेकर ग्राहक तक बाजार में सुबह से शाम तक बाजार में नजर आए। कई गैर जरूरी दुकानों को खोल दिया गया। सड़कों पर लॉकडाउन लगने के बाद से पहला मौका रहा जब इतनी तादाद में वाहनों की आवाजाही देखने को मिली।
फतेहपुर। लॉकडाउन के तीसरे चरण में ग्रीन जोन को सहूलियत मिलने का मुगालता पाले लोगों को पुलिसिया सख्ती से दो चार होना पड़ गया। कलक्टरगंज में ज्यादातर दुकानों के शटर उठ जाने से पुलिस को डंडा पटकना पड़ा।
फतेहपुर। लॉकडाउन-3 शुरू हो गया है, लेकिन प्रवासियों के वापसी का सिलसिला अभी तक बरकरार है। सोमवार को प्रवासियों की अचानक संख्या बढ़ गई। हैदराबाद, दिल्ली, महाराष्ट्र व तेलंगाना से आए 301 प्रवासी दोपहर दो बजे तक स्क्रीनिंग करा चुके थे। स्क्रीनिंग के लिए इसके बावजूद करीब सौ लोग इंतजार में थे।
फतेहपुर। सिविल लाइंस में एक सिपाही बाइक से गुजर रहा था। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अफसर ने रोक लिया। कहा कि जब आप ही ऐसा करेंगे तो फिर दूसरों से क्या उम्मीद रख सकते हैं। इस पर बाइक से बिना उतरे हुए सिपाही ने उत्तर दिया कि साहब जल्दी में था, इसलिए मॉस्क नहीं लगा सका। सिपाही के पास हेलमेट भी नहीं था।