फतेहपुर। काफी उधेड़बुन के बाद दोपहर में जिले भर की शराब की दुकानों को खोलने की सशर्त अनुमति दे दी गई। दुकानें खुलते ही ग्राहकों की भीड़ ऐसी लगी कि सामाजिक दूरी का किसी को ध्यान नहीं रहा। जल्द से जल्द मनचाहे ब्रांड की शराब लेने के लिए जोर आजमाइश दिखी। बिक्री का मानक तय होने के बाद लोगों ने ज्यादा से ज्यादा मात्रा में शराब खरीदी।
शहर के शादीपुर में शराब की दुकान खुलते ही ग्राहकों का झुंड काउंटर पर इकट्ठा हो गया। सामाजिक दूरी के मानक तितर-बितर हो गए। शराब की दुकान के ठीक बगल में राशन की दुकान में सन्नाटा पसरा रहा। राशन की दुकान से ज्यादा भीड़ शराब की दुकान पर रही। पत्थरकटा चौराहे समेत अन्य इलाकों में भी कमोबेश यही स्थिति रही। शराब की दुकानें खोलने के लिए शासन स्तर से एक बार में एक बोतल, दो अध्धी या तीन पउव्वा व बीयर की तीन केन या दो बोतल से अधिक न देेने की शर्त रखी है। लेकिन, ज्यादातर शराब दुकानदारों ने यह शर्त दरकिनार रखी। लोग स्टाक ले जाते हुए दिखाई दिए।
फतेहपुर। दुकानें खुलने के एक घंटे बाद ही जिलाधिकारी संजीव सिंह हाल जानने निकले। पत्थरकटा चौराहा स्थित दुकान का स्टाक रजिस्टर देखा और सेल्समैन को दुकान के बाहर एक-एक मीटर की दूरी पर गोले बनवाने और सैनिटाइजर का प्रयोग करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम सदर प्रमोद झा और जिला आबकारी अधिकारी संतोष तिवारी भी मौजूद रहे।