फतेहपुर। किसानों को गेहूं की कटाई से लेकर भूसे को सुरक्षित रखवाने तक में जल्दबाजी करनी होगी। कल सोमवार से गुरुवार सात मई तक मौसम बिगड़ सकता है। ओले के साथ हल्की बारिश हो सकती है। कृषि वैज्ञानिकों ने समय को देखते हुए कृषि कार्य जल्द निपटाने की सलाह दी है।
कृषि विज्ञान केंद्र थरियांव के कृषि मौसम विशेषज्ञ सचिन कुमार शुक्ला ने बताया कि जिन किसानों के गेहूं की फसल अभी तक कतराई नहीं हो पाई है, वह जल्द से जल्द पूरी कराकर भूसा आदि सुरक्षित करा लें। इसके साथ सब्जियों की फसल भी जलभराव होने पर खराब हो जाती है। ऐसे में आवश्यक है कि सब्जी उत्पादक खेतों से जलनिकासी के इंतजाम कर लें, जिससे बारिश होने पर सब्जी की फसल को खराब होने से बचाया जा सके।
उन्होंने बताया कि सोमवार से सात मई के बीच मौसम बिगड़ने के पूरे आसार हैं। बिजली की चमक से साथ ओले गिरने और हल्की बारिश के आसार हैं।