फतेहपुर। जनपद की सीमा से सटे कानपुर, प्रयागराज, कौशांबी, बांदा और रायबरेली जिलों के रेड और ऑरेंज जोन की श्रेणी में होने के कारण फतेहपुर को ग्रीन जोन होने के बाद भी कोई अतिरिक्त छूट नहीं दी जाएगी। इस संबंध में जिलाधिकारी संजीव सिंह ने बताया कि चूंकि आसपास के जनपदों में लगातार कोरोना के मरीज मिल रहे हैं, इसलिए एहतियात के तौर जिले में लॉकडाउन पूर्ववत जारी रहेगा। उन्होंने क्वारंटीन सेंटरों की स्थिति का भी जायजा लिया।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने बाहर से आए हुए व्यक्तियों के लिए बनाए गए आश्रय स्थल एमजी कॉलेज, मदर सुहाग इंटर कॉलेज, एएस कॉलेज, राम शरण इंटर कॉलेज व कोर्रा कनक का निरीक्षण किया। पेयजल ,शौचालय, विद्युत, साफ-सफाई, सैनिटाइजेशन, सोशल डिस्टेंसिंग, भोजन की उपलब्धता व गुणवत्ता आदि देखी। सदर तहसील की कम्युनिटी किचन भी पहुंचे। डीएम ने कहा कि जनपद के लोगों को पूर्व से ही आवश्यक सामग्री और इमरजेंसी सेवाओं के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, लिहाजा कहीं भी राशन और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है।