फतेहपुर। महामारी के बीच मौसम के बदले रुख ने दहशत पैदा कर दी है। देर रात से जिले भर में तेज हवाओं के बीच रुक-रुक कर बारिश हुई। यमुना तिरहार के गांवों में ओले गिरने से किसानों की उपज को खासा नुकसान हुआ। आंधी में पेड़ व पोल टूटकर गिर गए। एचटी लाइन में फाल्ट से शहर व कस्बाई इलाकों में बिजली गुल रही। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में पेड़ गिरने से कई जगह बिजली सप्लाई ध्वस्त हो गई। उधर, सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के मंडवा-गौंती रोड पर पुलिया के पास शनिवार रात बिजली गिरने से भेड़पालक की मौत हो गई।
यमुना तिरहार के अमौली, ललौली, गढ़ा क्षेत्र में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। बारिश के साथ आंधी ने तबाही मचाई। गढ़ा क्षेत्र के चंदापुर, गिरधरपुर, संगोलीपुर गांव में पेड़ उखड़ गए। वहीं किशनपुर उपकेंद्र के टिकुरा, मड़इयन गांव के पास 11 केवीए लाइन के खंभा टूटकर गिर गए। इससे चंदापुर, गिरधरपुर, पोखरी, धाना, लोहंगपुर, अर्जुनपुर गांव की बिजली सप्लाई बंद हो गई। चंदापुर गांव के सत्यप्रकाश ने बताया कि शनिवार की सुबह से
बिजली बंद है। थरियांव, असोथर, पलिया, हथगाम उपकेंद्र की बिजली सप्लाई बंद रही। थरियांव उपकेंद्र के मंडासरांय फीडर की शनिवार को दोपहर से बिजली बंद है। असोथर उपकेंद्र की मशीन में फाल्ट हो गया। इससे क्षेत्र की बिजली बंद रही। अधिशासी अभियंता मेघ सिंह ने बताया कि फाल्ट सही कराने के लिए जेई और लाइनमैन क्षेत्र में लगे हैं। प्रयास है कि जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करा दी जाए।
प्रेमनगर (फतेहपुर)। सुल्तानपुर घोष थानाक्षेत्र के ग्राम सभा देवारा के बंसीपुर गांव निवासी राम खेलावन पाल (47) भेड़ पालक थे। शनिवार को मंडवा- गौंती रोड स्थित पुलिया के पास भेड़ों को लेकर लौट रहे थे, तभी आंधी आ गई। वह एक स्थान पर रुक गए थे, तभी बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई। पत्नी सूरजकली, बेटे महेंद्र, शैलेंद्र, हिंमांशु व बेटी खुशबू पिता की मौत सुन बिलख पड़े। राम खेलावन के नाम तीन बीघा खेत है। प्रभारी निरीक्षक एके मिश्र ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।