शाह (फतेहपुर) हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से गेहूं की चार बीघा फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों की मशक्कत से आग पर काबू पाया जा सका। शाह कस्बा निवासी मुकेश पटेल का बेटा गोपी गांव के असगर खान का खेत बटाई में लिए है। खेत के पास हाईटेंशन लाइन गुजरी है। हाईटेंशन लाइन काफी पुरानी है। कई बार तार भी
टूट चुके हैं। तार जर्जर होने की वजह से अचानक दोपहर में वह तार टूटकर गिर गया। चिंगारी से गोपी की गेहूं की चार बीघे फसल में आग लग गई। घटना की सूचना दमकल को दी गई। आग बुझने के बाद दमकल पहुंची। पीड़ित ने बताया कि उसकी पिछले साल भी बिजली विभाग की लापरवाही से पांच बीघे फसल जलकर राख हो गई थी। बहुत दौड़ा, लेकिन मुआवजा नहीं मिला।