फतेहपुर। राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को ग्राम प्रधानों से मुखातिब हुए। वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से पंचायतों को मजबूत बनाने के लिए दो एप लांच किए। प्रधानमंत्री को सुनने के लिए विकास भवन सभागार और ब्लाक सभागार में भी टीवी लगाया गया था।
प्रधानमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से महामारी को हराने में एकजुट होकर लड़ाई लड़ने के लिए प्रेरित किया। ई स्वराज व ई ग्राम स्वराज एप लांच किया। उन्होंने कहा कि यह दोनों ऐप ग्राम पंचायतों के लिए बहुत उपयोगी होंगे। डीपीआरओ अजय आनंद सरोज ने बताया कि तेलियानी, हसवा, हथगाम, भिटौरा, बहुआ, असोथर, ऐरायां, धाता, विजयीपुर, मलवां, देवमई, खजुहा ब्लाक के सभागार में टीवी पर कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना है। ग्राम प्रधान हिम्मतपुर धरवेश सिंह परिहार और शिवराजपुर प्रधान सूरजपाल घर में टीवी के सामने मोबाइल लेकर बैठे रहे। इन्हें अपनी बारी आने का इंतजार था। प्रधानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन की सराहना की।