चौडगरा (फतेहपुर)। रेलवे ट्रैक पर पहुंची भैंस को हटाने में गुरुवार दोपहर किशोर मालगाड़ी से कट गया। परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र के रतनखेड़ा गांव निवासी श्रीराम यादव किसान हैं। उनका बेटा गोलू (16) भैंस लेकर रेलवे लाइन किनारे चरा रहा था। तभी भैंस रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई। अपलाइन में मालगाड़ी को आता देखकर गोलू दौड़कर पहुंचा। वह ट्रैक से भैंस को हटाने में सफल हो गया, लेकिन खुद मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसा देखकर आसपास मौजूद चरवाहे पहुंचे। मौके पर ही गोलू को मृत पाया। सूचना पर परिजन रेलवे ट्रैक के पास पहुंचे। क्षत-विक्षत शव देखकर होश उड़ गए। मां बिटना देवी बदहवास हो गईं। गोलू तीन भाइयों अजय, विक्रम, छोटू में तीसरे नंबर का था। दो बड़ी बहनें शादीशुदा हैं।