हुसैनगंज (फतेहपुर)। थानाक्षेत्र के एक गांव में पड़ोसी युवक ने किशोरी के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर किशोरी को बेरहमी से पीटा। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि पीड़िता की बहन शिकायत लेकर पहुंची तो पुलिस ने अभद्रता कर भगा दिया।
गांव निवासी किशोरी सोमवार की सुबह जंगल शौच के लिए गई थी। यहां पहले से मौजूद पड़ोसी युवक ने उससे जबरदस्ती की कोशिश की। किशोरी के विरोध करने पर युवक ने उसे लात-घूंसों और डंडों से जमकर पीटा। किशोरी ने घर जाकर आपबीती परिजनों को बताई। लहूलुहान किशोरी को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। थानेदार निशिकांत राय ने बताया कि ऐसा कोई मामला जानकारी में नहीं आया है। फिर भी जिला अस्पताल भेजकर मामले की जानकारी कराई जा रही है। पीड़ित से बयान लेकर थाने से भगाने वाले पुलिस कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।