असोथर (फतेहपुर)। पत्नी से कहासुनी का मामला थाने पहुंच गया। पति को पुलिस ने थाने बुलवा भेजा। इससे क्षुब्ध होकर थाने जाने से पहले ही उसने फांसी लगा ली। पुलिस का कहना है कि दंपति में समझौता कराने के लिए युवक को बुलाया गया था। घटना असोथर थानाक्षेत्र के कंधिया गांव की है।
गांव निवासी मनईराम के बेटे राजेंद्र उर्फ रज्जन (45) किसान थे। अठारह अप्रैल की शाम पत्नी शोभा देवी से किसी बात पर विवाद हुआ था। पत्नी ने थाने में पति के खिलाफ मारपीट की तहरीर दे दी। पुलिस ने राजेंद्र को सोमवार को थाने बुलाया था। सुबह राजेंद्र ने घर के सामने पेड़ पर रस्सी के सहारे फांसी लगा ली। परिवार में पांच नाबालिग बच्चे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानेदार हेमराज सरोज ने बताया कि पत्नी ने पति के खिलाफ थाने में तहरीर दी थी। समझौता कराने के लिए किसान को बुलाया गया था लेकिन इससे पहले उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।