हत्या, आत्महत्या के बीच उलझी पुलिस
गाजीपुर थानाक्षेत्र में प्रेमी युगल की मौत का मामला
गोली से हुई थी मौत, पोस्टमार्टम में नहीं मिली गोली
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। गाजीपुर थाने के एक गांव में पखवारेभर पहले गोली लगने से हुई प्रेमी युगल की मौत का मामला हत्या और आत्महत्या के बीच उलझ कर रह गया है। पुलिस ने मामला सुलझाने के लिए विशेषज्ञों के पाले में गेंद डाल दी है। विशेषज्ञों की रिपोर्ट आने पर अब पुलिस कार्रवाई आगे बढ़ेगी।
गांव में पखवारेभर पहले युवक और युवती के शव बरामद हुए थे। शवों के पास तमंचे बरामद हुआ था। पुलिस ने दोनों शवों को आत्महत्या मानते हुए पोस्टमार्टम कराया था। किशोरी के शव मे गोली बरामद नहीं हुई थी। सिर में गंभीर चोट के निशान पाए गए थे। सीएमओ के आदेश पर दोबारा पैनल ने पोस्टमार्टम किया, लेकिन गोली नहीं मिली थी। मामला उलझने पर पुलिस ने पत्रावली लखनऊ विशेषज्ञों के पास भेजा। थानेदार आशीष सिंह का कहना है कि पुलिस ने मामले में विशेषज्ञों से राय मांगी है। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।