फतेहपुर। पुलिस लाइन के कंट्रोल रूम में तैनात उपनिरीक्षक की शुक्रवार की रात हार्ट अटैक से मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने परिवार से मुलाकात कर मदद का आश्वासन दिया है। लॉकडाउन के चलते सलामी नहीं दी जा सकी।
कौशांबी जिले के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के गौरा तफारिक निवासी पूनी लाल पासवान (51) आरएसआई (रेडियो उपनिरीक्षक) पद पर तैनात थे। वह पत्नी उर्मिला देवी के साथ पुलिस लाइन आवास में रहते थे। उर्मिला ने बताया कि रात करीब 12 बजे सीने में तेज दर्द होने से आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से डाक्टर ने कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। बेटा मनोज कुमार कौशांबी में अध्यापक है। बड़ी बेटी सपना की शादी हो चुकी है। छोटी बेटी रेनू कानपुर आर्डिनेंस फैक्टरी में नौकरी करती है। आरआई एके सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद वाहन से शव भेजा गया है। परिवार की हर मदद की जाएगी।