फतेहपुर। कोरोना की जंग ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ महिलाएं आजीविका मिशन से जुड़कर मॉस्क बनाने का काम कर रही हैं तो शहर क्षेत्र में भी महिलाएं घरेलू सिलाई मशीन से मॉस्क बना रही हैं।
सीडीओ सत्यप्रकाश की पहल पर तेलियानी और भिटौरा ब्लाक में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने मॉस्क बनाने का काम शुरू किया है। इन महिलाओं ने पचास हजार मॉस्क बनाने का काम लिया है। अभी आठ हजार मॉस्क बना दिए हैं। महिलाओं के इस काम में जिला मिशन प्रबंधक मोहित शशांक, मनोज कुमार और सुदीप कुमार सहभागिता निभा रहे हैं। महिलाओं को प्रति मॉस्क चार रुपये दिए जा रहे हैं।
समाजसेवी संस्था सोच की अध्यक्ष मधु साहू भी शहर के महारथी मुहल्ले स्थित अपने घर में मॉस्क बना रही हैं। अन्य महिलाओं को भी मॉस्क बनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। इसके बाद इन मॉस्क को मुफ्त वितरित करने भी निकलती हैं।
भाजपा नेत्री विजयलक्ष्मी साहू भी सिविल लाइंस लक्ष्मी कालोनी स्थित अपने आवास में मॉस्क बना रही हैं। घरेलू सिलाई मशीन से ही वह हर रोज मॉस्क बनाकर जुटाती हैं और फिर उन्हें वितरित करती हैं।