फतेहपुर। शहर के गणेश शंकर विद्यार्थी चौराहे के पास पाइप लाइन में तीन दिन से लीकेज है। आपूर्ति शुरू होते ही इससे पानी का फव्वारा निकलता है। रोजाना लोगों के घरों में पानी न पहुंचकर सड़क पर बहता है। लोगों ने बताया कि शिकायत के बाद भी पालिका समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रही है।
गणेश शंकर विद्यार्थी चौराहे पर पूर्व मंत्री अचल सिंह के मकान के सामने ही पाइप लाइन लीकेज है। लोगों ने बताया कि शिकायत पर पालिका ने लीकेज वाली जगह को घेरकर छोड़ दिया है। पूर्व मंत्री ने भी कई बार फोन कर चुके हैं, लेकिन अभी तक समस्या का निराकरण नहीं हुआ है। जलकल के अवर अभियंता विजय कुमार ने बताया कि रविवार अवकाश होने के कारण मरम्मत कार्य नहीं हो सका। सोमवार की सुबह पाइप लाइन ठीक करा दी जाएगी।