फतेहपुर। लॉकडाउन के दौरान आवश्यक सेवाओं की पूर्ति को जनता को दी गई मोहलत भारी पड़ रही है। खासकर सुबह छूट के चार घंटे में सामाजिक दूरी बनाए रखने के सारे नियम टूट जा रहे हैं। सब्जी और किराना की दुकानों पर लोग ऐसे जुट रहे जैसे उन्हें मिलेगा ही नहीं।
कोरोना संक्रमण के फैलते जबड़े से जनता को बचाने के लिए 25 मार्च से 21 दिन का लॉकडाउन किया गया है। जनता को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दिक्कत से बचाने के लिए सुबह छह बजे से 10 बजे तक का वक्त सब्जी और किराना खरीदने के लिए तय किया गया है। प्रशासन ने घर पर सामान पहुंचाने की व्यवस्था कर रखी है। गलियों में ठेले भी जा रहे हैं, इसके बावजूद जनता का धैर्य जवाब दे रहा है। कुछ लोग यह समझने की कोशिश ही नहीं
कर रहे हैं कि इस तरह से बाहर बिताया जाना वाला कुछ देर का समय उनके और उनके परिवार के लिए कितना घातक हो सकता है। सोमवार को पत्थरकटा, आईटीआई रोड, लाला बाजार में सब्जी खरीदने के दौरान एक मीटर के खींची गई लक्ष्मणरेखा को हर कोई पार करता दिखा। ऐसा ही हरिहरगंज ओवरब्रिज के नीचे और पीएसी रोड में भी देखने को मिला। लोग, पहले की तरह एक दूसरे से सटकर सब्जी और किराना का सामान खरीदते रहे। तमाम लोग ऐसे भी इस हुजूम में थे, जिन्होंने मॉस्क नहीं पहन रखा था।
फतेहपुर। आवश्क वस्तुओं की पूर्ति के लिए प्रशासन स्तर से 136 दुकानों को खोले जाने की अनुमति दी गई है। इसके बावजूद तमाम दुकानें बिना अनुमति के संचालित हो रही हैं। और तो और जिन दुकानों को आवश्यक वस्तुओं के दायरे में भी नहीं रखा गया है, वह भी सोमवार को खुली नजर आई। दाम भी मनमाने वसूले जा रहे हैं। सोमवार को सिविल लाइंस में फोटोकॉपी, पथरकटा, लालाबाजार, हरिहरगंज में कुछ दुकानों को आधा खोलकर कारोबार किया गया।
जाफरगंज। लॉकडाउन का फायदा दुकानदार उठा रहे हैं। परचून की दुकान का फुटकर सामान दोगुने रेट में बिक रहा है। कस्बा के अलावा मांझेपुर, उमरिहा, डिघरुवा, देवरी, मऊदेव, जोनिहा, सहिबाजपुर, भवानीपुर, फरीदपुर में बाजार लगती है। यहां गृहस्थी के सामान का दाम दोगुना हो गया है।
विजयीपुर। डीएम के निर्देश पर ब्लाक क्षेत्र के प्रधानों ने ग्राम पंचायत में मुनादी कराई। इसमें अन्य प्रांत से आने वाले लोगों को 14 दिन तक घरों में रहने की अपील की। गोदौरा प्रधान शिवपत सिंह, बरौलिया के जगरुप पाल, सरौली के अतुल सिंह, बरैंची के शिवपूजन सिंह यादव, विजयीपुर की विषमा पासवान ने अपनी ग्राम पंचायत में मुनादी कराई है।
----------------------