चौडगरा (फतेहपुर)। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर बक्सर रोड भवनापुर के पास डंपर की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत हो गई। डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। बाइक चला रहा फौजी गंभीर घायल हुआ। घायल को कानपुर रेफर किया गया है।
थानाक्षेत्र के जुगतखेड़ा गांव निवासी श्रवण कुमार(45) फौजी हैं। पंद्रह दिन पहले छुट्टी में घर आए हैं। सोमवार दोपहर वह बाइक से हेलमेट लगाकर किसी काम से मुरादीपुर जा रहे थे। साथ में पड़ोसी किसान धर्मपाल पाल (50) भी थे। बक्सर रोड भवनापुुर के पास फतेहपुर की तरफ से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दिया। टक्कर लगने से बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। डंपर भी मौके पर पलट गया, इससे बाइक में पीछे बैठे किसान की दबकर मौत हो गई। दुर्घटना होते ही मौके पर भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची कल्यानपुर पुलिस ने घायल फौजी के सीएचसी गोपालगंज पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण फौजी को हैलट कानपुर के लिए रेफर किया गया है। उधर, किसान की मौत से उसकी पत्नी राजरानी, बेटा नीरज, जयसिंह और बेटी सुनीता, प्रियंका, सुलेखा रो-रोकर बेहाल हैं। किसान की कमाई से ही परिवार का जीविकोपार्जन होता था। थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाया गया। किसान का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से तहरीर मिलने पर डंपर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।