अल्लीपुर (फतेहपुर)। गया भोज के मौके पर शुक्रवार शाम हुई हर्ष फायरिंग में अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। भगदड़ मच गई। टूटे तार की चपेट में आने से एक किसान की मौत हो गई। पांच-छह घायलों का किसी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। सूचना के करीब एक घंटे बाद पुलिस पहुंची। पुलिस ने किसान के भाई रिटायर्ड सिपाही को हिरासत में लिया है। उनके पास से लाइसेंसी बंदूक भी बरामद की है।
मलवां थाना क्षेत्र के भदबा गांव निवासी उदयभान सिंह चौहान सेवानिवृत्त सिपाही हैं। गया धाम से लौटने के बाद परिवार ने भोज का आयोजन किया था। करीब दो सौ लोगों को बुलाया गया था। गांव के कुछ लोग खाना परोसने जा रहे थे, तभी तभी किसी ने फायरिंग की। जवाब में दूसरे व्यक्ति ने फायर किया। एक-दूसरे की देखादेखी फायरिंग होने लगी। एक गोली पास से गुजरे हाईटेंशन लाइन से टकराई। हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरा। कुछ लोग चपेट में आ गए। उदयभान के छोटे भाई किसान विनोद सिंह चौहान (60) ने जूते से तार को हटाने की कोशिश की। तार का कोना छिटक कर उनकी छाती में घुस गया। भोज में शामिल पांच से छह लोग तार की चपेट में आने से बेहोश हो गए। जिला अस्पताल में डाक्टर ने विनोद को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम न कराने की बात पर बेटा श्रवण शव लेकर घर पहुंचा। इधर, कार्यवाहक मलवां एसओ रामू सिंह यादव पहुंचे। पुलिस ने सेवानिवृत्त सिपाही उदयभान सिंह को हिरासत में लिया। उनकी बंदूक को कब्जे में ली है। घटनास्थल का एएसपी राजेश कुमार जायजा लेने पहुंचे। एएसपी ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस की ओर से आयोजक उदयभान सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। प्रकरण की जांच चल रही है। अन्य दोषियों की भी तलाश की जा रही है।