फतेहपुर। बाइकों की भिड़ंत में बुधवार रात एक भाई की मौत हो गई। दूसरा भाई और एक रिश्तेदार घायल हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, जहानाबाद में बाइकें टकराने से तीन लोग घायल हो गए। सभी को कानपुर रेफर किया गया है। दोनों हादसों में बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के सरकंडी के करनपुर गांव निवासी भगवानदीन का बेटा कलेंद्र (35) मजदूरी करता था। उसके परिवार के बाकी सदस्य कल्यानपुर थाना क्षेत्र के कनेरी गांव में रहते हैं। कलेंद्र बुधवार रात कनेरी गांव से बड़े भाई चंद्रभूषण और रिश्तेदार रामप्रकाश के सौ बाइक से बिंदकी जा रहा था। बिंदकी कोतवाली के तेंदुली गांव के पास बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद दूसरी बाइक के सवार मौके से भाग निकले। सूचना पर एंबुलेंस पहुंची। पुलिस तीनों को जिला अस्पताल लेकर पहुंची। डाक्टर ने कलेंद्र को मृत घोषित कर दिया। मर्च्युरी हाउस में पत्नी माला देवी बदहवास दिखी। चौडगरा चौकी इंचार्ज देवीदयाल वर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मौके पर हेलमेट नहीं मिला। एक अन्य हादसे में जाफरगंज थाना क्षेत्र के गहरुखेड़ा निवासी नजीर का बेटा हसन किसी काम से हबीबपुर जा रहा था। उसकी बहादुरपुर निवासी शिव शंकर के बेटे शिव सिंह की बाइक से सीधी भिड़ंत हो गई। शिवशंकर के साथ उसकी बहन सुमन थी। वह दोनों गहरुखेड़ा चौराहे आ रहे थे। हादसा भारतपुर मोड़ के पास गुरुवार को हुआ। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर जाफरगंज थानेदार शेर सिंह राजपूत पहुंचे। तीनों को जिला अस्पाल में भर्ती कराया। जहां से डाक्टर ने कानपुर को रेफर किया है। पुलिस को इनके पास हेलमेट नहीं मिला। संवाद