बकेवर(फतेहपुर)। कंशमीरी गांव में बुधवार को ग्राम प्रधान के बेटों का गांव के युवक से डीजे पर डांस को लेकर मारपीट हो गई। घायल युवक की तहरीर पर प्रधान समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। उधर, प्रधान के खिलाफ कार्रवाई से ब्लॉक के अन्य प्रधानों में नाराजगी है।
कंशमीरी गांव के प्रधान रामसनेही हैं। गांव में होली पर्व पर डीजे पर ग्रामीण नाच रहे थे। ग्रामीण अजय पाल ने बताया कि प्रधान से जनसूचना अधिकार अधिनियम के तहत योजनाओं के काम की जानकारी मांगी थी। इसी खुन्नस में प्रधान के बेटे पंकज, शिवम और राजू ने डीजे में उसके साथ मारपीट की। झगड़ा देखकर प्रधान भी पहुंचे। उन्होंने भी उसकी पिटाई की। पुलिस ने अजय की शिकायत पर प्रधान रामसनेही, उनके बेटों पंकज, शिवम और राजू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। उधर, देवमई ब्लाक के प्रधान संघ अध्यक्ष श्रीप्रकाश यादव उर्फ कल्लू समेत कई प्रधान गुरुवार को थाने पहुंचे। उन्होंने थानेदार अरविंद गौतम से मुलाकात की। प्रधान और उसके साथी आरोपियों को जांच के बाद ही गिरफ्तार किए जाने की बात कही। उधर, प्रधान ने बताया कि अजय की ओर मांगी सूचना का जवाब देने के लिए कागजों में आने वाले फोटोकॉपी खर्च को जमा कराने का जवाब दिया है। इसके बाद भी अजय शिकायत करता है। उसकी मारपीट दूसरे लोगों के साथ हो रही थी, वह बीचबचाव में पहुंचे थे। थानेदार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।