फतेहपुर। सांसद और केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले में एक बैठक की। जिसमें रेलपार्क की जमीन की उपलब्धता और उसे इंवेस्टर के मुताबिक विकसित माड्यूल पर लाने को लेकर विमर्श किया गया।
बैठक में साध्वी के साथ डीएम संजीव सिंह, एडीएम पप्पू गुप्ता, एसडीएम सदर प्रमोद झा और मार्डन रेलकोच फैक्ट्री के डिप्टी जीएम संदीप शुक्ल और एके सोनी शामिल हुए। बैठक में जमीन को डेवलप कराने का जिम्मा लिए कंपनी एबीए इंफ्राटेक को भी बुलाया गया। रेलपार्क के लिए 250 एकड़ जमीन की दरकार है, जिसके सापेक्ष अभी तक एक एकड़ जमीन का भी बैनामा नहीं हो सका है। बैठक में एबीए इंफ्राटेक की ओर से जानकारी दी गई
कि मलेशिया के ईसीएल ग्रुप के साथ मिलकर जमीनों की उपलब्धता और निर्धारित माड्यूल पर प्लाटों का विकसित किया जाना सुनिश्चित किया जाएगा। डेवलपर कंपनी ने बताया कि जून माह तक रेलपार्क के डिजाइन के मुताबिक जमीनें विकसित किया जाना शुरु हो जाएगा। बैठक के समापन पर जिलाधिकारी संजीव सिंह ने रेलपार्क लगवाने के लिए प्रशासन की ओर से हर संभव मदद सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।