फतेहपुर। शहर के ज्वालागंज बसअड्डे के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने गुरुवार दोपहर भाजपा के पूर्व महामंत्री अखिलेश द्विवेदी की मां को कुचल दिया। कानपुर हैलट पहुंचते ही सांसें थम गईं। परिजन कानपुर से रात को शव लेकर लौट आए।
शहर कोतवाली क्षेत्र के अरबपुर मोहल्ला निवासी रामस्वरूप द्विवेदी स्वास्थ्य विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। उनकी पत्नी सुशीला द्विवेदी (60) दोपहर को निमंत्रण में शामिल होने जा रही थीं। ज्वालागंज बस स्टैंड मोड़ पर पहुंची थी, तभी बसअड्डे में यात्रियों को लेकर मिर्जापुर डिपो की रोडवेज तेज रफ्तार में पहुंची। रोडवेज बस की टक्कर से गिर पड़ीं और पहिये की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद चालक को भीड़ ने पकड़ लिया। अफरा तफरी
होने पर ड्यूटी पर मौजूद होमगार्ड पहुंचे। बीच बचाव के दौरान आरोपी चालक भाग निकला। भीड़ ने सुशीला की पहचान की। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों ने हालत नाजुक देखकर कानपुर रेफर किया। उनके चार बेटे हैं। एक बेटे बीजेपी नेता अखिलेश द्विवेदी पूर्व महामंत्री हैं। घर में कोहराम मच गया। सैकड़ों लोगों की भीड़ परिवार को ढांढस बंधाने पहुंची। कोतवाल रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि बस पकड़ी गई है। चालक के बारे में पता लगा लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
हादसे में जान गवांने वाली सुशीला द्विवेदी के मंझले बेटे अवधेश द्विवेदी अमर उजाला अलीगढ़ संस्करण में पत्रकार हैं। उनके मां के निधन की खबर पर जिले के पत्रकारों ने शोक संवेदना जाहिर की। नवीन मार्केट स्थित जिला पत्रकार संघ/एसो. कार्यालय में शोकसभा हुई। पत्रकारों ने दो मिनट का मौन धारण कर आत्मा की शांति की प्रार्थना की। वहीं फतेहपुर प्रेस क्लब कार्यालय में भी पत्रकारों ने शोक संवेदना जाहिर की।