फतेहपुर (हसवा)। जिले की चार सौ सत्तर ग्राम सभाओं में दो-दो सामुदायिक शौचालय बनाए जाएंगे। जिन गांवों में 25 फीसदी आबादी अनुसूचित जाति, जनजाति की है, वहां एक अतिरिक्त सामुदायिक शौचालय बनाया जाएगा। अभी सभी गांवों में एक-एक सामुदायिक शौचालय का निर्माण हो रहा है। केंद्र सरकार से 90 प्रतिशत बजट मिलने पर इनका निर्माण कार्य शुरू होगा।
सभी गांवों में सामुदायिक शौचालय बनाने के लिए ग्राम विकास अधिकारियों ने चिन्हांकन शुरू कर दिया है। हर गांव में एक सामुदायिक शौचालय बनाने का काम किया जा रहा है। गांव में यदि किसी भी परिवार का शौचालय नहीं है तो वह सामुदायिक शौचालय का इस्तेमाल करेंगे। डीपीआरओ अजय आनंद सरोज ने बताया कि 90 प्रतिशत रकम केंद्र सरकार देगी। दस फीसदी का व्यय ग्राम सभा से होगा।
इनसेट
निशक्तजनों के लिए कमोड
सामुदायिक शौचालय के निर्माण में निशक्तजनों का भी ख्याल रखा जा रहा है। दिव्यांगों के लिए एक कमोड सीट भी लगाई जायेगी। ग्राम निधि से सामुदायिक शौचालय में एक सबमर्सिबल भी लगाया जायेगा। इसके साथ पानी की टंकी भी रखी जायेगी। गांव में तैनात सफाईकर्मी इसकी प्रतिदिन सफाई का काम देखेंगे।