फतेहपुर। शहर के पटेल नगर चौराहे पर स्थित माया श्याम रेस्टोरेंट को तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है। कचरा प्रबंधन न करने और गंदगी नाली में डंप करने के मामले में पालिका और प्रशासन की टीम ने रेस्टोरेंट संचालक पर यह कार्रवाई की है। संचालक पर दस हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
कई दिनों से पटेल नगर के बाशिंदे जिलाधिकारी से रेस्टोरेंट की शिकायत कर रहे थे। डीएम को शिकायत में बताया गया था कि रेस्टोरेंट संचालक रामकुमार पुत्र श्याम कुमार सारा कचरा सीधे नाली में फेंक दे रहे हैं। पूरी नाली चोक हो गई है और सडंाध से आसपास के लोगों का रहना मुश्किल हो गया है। डीएम ने शिकायत पर अपर एसडीएम प्रियंका, नायब तहसीलदार संतराज और नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी मीरा सिंह की टीम गठित की। यह टीम शुक्रवार की दोपहर रेस्टोरेंट पहुंची और उसके मुहाने से निकली नाली को खुदवाकर देखा तो सारी खाद्य सामग्री से नाली चोक पड़ी थी और बदबू इतनी थी कि टीम को उबकाई आने लगी। टीम ने रेस्टोरेंट संचालक पर दस हजार रुपये जुर्माना लगा दिया और तीन दिन के लिए रेस्टोरेंट संचालन पर रोक लगा दी। ईओ मीरा सिंह ने बताया कि रेस्टोरेंट संचालक रामकुमार पुत्र श्याम कुमार को तीन दिन का समय दिया गया है।