बहुआ। ललौली थानाक्षेत्र के हरियापुर गांव के युवक ने परिजनों से झगड़कर फांसी लगा ली। मां की सूचना पर पहुंचे पीआरवी के जवानों ने युवक को फांसी से उतारकर अस्पताल में भर्ती कराया है।
हरियापुर गांव निवासी कमलेश विश्वकर्मा का बेटा राहुल विश्वकर्मा (26) ने रविवार को कानपुर के अस्पताल में भर्ती मां राधा देवी और तीमारदारी में लगी पत्नी शिल्पा देवी से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। उनके मना करने पर फोन पर ही गाली गलौज करने के बाद कमरे में जाकर रस्सी से फांसी लगा लिया। इसकी सूचना युवक की मां राधा देवी ने अस्पताल से ही 112 पर पीआरवी को दी। पीआरवी के सिपाही धीरज कुमार यादव और होमगार्ड धर्मचंद यादव मौके पर पहुंचे और घर का दरवाजा तोड़कर फांसी लगाए युवक को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने युवक को बहुआ पीएचसी पहुंचाया। अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद युवक को नाजुक हालत में आक्सीजन लगाकर एंबुलेंस से सदर अस्पताल भेजा। युवक की मां राधा देवी का पथरी का ऑपरेशन कानपुर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में चार दिन पहले हुआ है। वह अस्पताल में भर्ती है।