फतेहपुर। बोर्ड परीक्षा की शुरुआत में ही निगरानी के लिए गठित छह सचल दल में दो पैदल हो गए हैं। वाहन स्टार्ट न होने से दोनों दल नहीं निकल पाए।
गठित छह सचलदलों में वित्त एवं लेखाधिकारी को स्वास्थ्य विभाग और राजकीय इंटर कालेज के प्रधानाचार्य को पशुचिकित्सा विभाग का वाहन देकर सचल दल की कमान सौंपी गई थी। दोनों वाहन खराब होने की वजह से नहीं निकल पाए। शनिवार को हाईस्कूल अंग्रेजी विषय की परीक्षा है। बोर्ड परीक्षा के तीन प्रश्नपत्रों में अभी तक बीएसए के नेतृत्व वाला सचलदल निगरानी के लिए नहीं निकला है। माध्यमिक शिक्षा विभाग हाईस्कूल अंग्रेजी विषय की परीक्षा में पूरी ताकत झोंकने की तैयारी की है। शनिवार को पहली पाली में होने वाली इस परीक्षा में दो आरक्षित सचल दल भी निगरानी के लिए निकलेंगे। सभी मोबाइल सचल दलों को अपने-अपने क्षेत्र में सात बजे से मुस्तैद रहने को कहा गया है।
सुबह की पाली में हाईस्कूल अंग्रेजी विषय की परीक्षा है। विभाग ने सचलदल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के लिए चार प्राइवेट वाहन किराए पर लिए हैं। कोई वाहन खराब होने पर तत्काल दूसरा वाहन उपलब्ध कराने की योजना है। परीक्षा पर्यवेक्षक शिवसेवक सिंह ने भी जिले में डेरा डाल रखा है। डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अंग्रेजी, व गणित दो विषयों की परीक्षा की विशेष निगरानी की जाएगी। इसके लिए आरक्षित सचल दल भी निकाले जाएंगे।
पहली पाली हाईस्कूल- अंग्रेजी और इंटरमीडिएट सैन्य विज्ञान।
दूसरी पाली इंटरमीडिएट-गृहविज्ञान, व्यापारिक संगठन एवं पत्र व्यवहार।