फतेहपुर। छत की नाली साफ करते समय सरिया हाईटेंशन लाइन के तार से छू गई। किसान को करंट की चपेट में देख बहू व मां छुड़ाने पहुंचे, वह भी झुलस गए। पड़ोसी ने हिम्मत कर लकड़ी के सहारे तारों को अलग किया। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। किसान को कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया है।
थरियांव थाना क्षेत्र के लतीफपुर गांव निवासी रामनरेश पाल (45) के छत की नाली जाम हो गई थी। सुबह वह पाइप की सफाई लोहे के सरिया से कर रहे थे। छत के पास से गुजरी हाईटेंशन लाइन के तार से सरिया टकरा गई। रामनरेश को करंट से छटपटाते देखकर बहू फूल कुमारी (23) पत्नी घनश्याम ससुर को बचाने पहुंची। वह भी करंट की चपेट में आ गईं। इस दौरान रामनरेश की मां संपतिया (65) बचाने की कोशिश में पहुंची। वह भी चिपक गईं। हसवा प्रतिनिधि ने बताया कि तीनों को देखकर पड़ोसी हरिश्चंद्र ने डंडे से तीन तारों को शार्ट करा दिया। इससे शार्ट सर्किट हुई और आपूर्ति बंद हो गई। हादसा देखकर गांव के लोगों की भीड़ इकट्ठा हुई। प्रधान के बेटे दुर्गेश ने तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टर ने रामनरेश की हालत नाजुक देखकर कानपुर हैलट रेफर किया। हालांकि परिजन तीनों को नर्सिंगहोम ले गए।