खागा। कस्बे में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुके गिरोह का पर्दाफाश किया है। गैंग के सरगना व उसके एक साथी की गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से एक मोबाइल व चोरी के रुपये बरामद किए है। गैंग के अन्य लोगों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
गढ़ी मोहल्ला निवासी सुरेश सिंह ने कोतवाली के नजदीक राज टेलीकाम के नाम से मोबाइल शाप खोल रखी है। 22 जनवरी की रात शटर तोड़कर दुकान से चोर ने नगदी व कीमती मोबाइल चोरी कर लिए थे। पुलिस शनिवार को किशनपुर रोड पर थी तभी एक मिठाई की दुकान के अंदर से खट-पट की आवाज सुनाई पड़ी। पुलिस ने मौके से एक नाबालिग को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने मोबाइल शाप में चोरी का खुलासा किया। चोरी की वारदात अपने बॉस भोला सरकार निवासी सराफा गली के साथ मिलकर करता था। पुलिस ने भोला सरकार को हिरासत में लिया। मुकदमा दर्ज कर भोला सरकार को जेल भेज दिया। नाबालिग को किशोर सुधार गृह भेजा गया है। चोरी में शामिल एक अन्य आरोपी कल्लू टोल निवासी मझिलगांव को पुलिस खोज रही है। भोला सरकार ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसके गैंग में पांच-छह नाबलिग लड़के हैं। आधी रात के बाद चौक चौराहे पर लगे गार्डों को बातचीत में उलझाए रखता था। कभी उन्हें चाय पिलाकर तो कभी बातें बनाकर उन्हें व्यस्त रखता था। इसी दौरान उसके साथी दुकानों का ताला तोड़कर निकल जाते थे।