फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के मनीपुर गांव में एक बिजली मैकेनिक ने घर में फांसी लगा ली। परिजनों ने शव को नीचे उतारने के बाद पुलिस को खबर दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
मनीपुर गांव निवासी कैलाश का बेटा कोमल सिंह (23) बिजली मैकेनिक था। वह रात को खाने के बाद कमरे में सोने चला गया था। उसका दरवाजा सुबह तक नहीं खुला। परिजनों ने खिड़की धक्का मारकर खोली। कमरे के अंदर पंखे के कुंडे पर रस्सी के फंदे से शव लटका देखा। दरवाजा तोड़कर परिजन कमरे में पहुंचे। जिंदा होने की आशंका पर नीचे उतारा। उसकी सांसें थम चुकी थी। चाचा ओमकार सिंह की ओर से थाने में तहरीर दी गई। एसओ आशीष सिंह ने बताया कि जांच में एक युवती से प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। उसका युवती से विवाद हुआ था तभी आत्महत्या की है।