फतेहपुर। बांदा-टांडा हाईवे पर कटका मोड़ के पास ट्रक का टायर खोल रहे युवकों को दूसरे ट्रक ने कुचल दिया। खलासी की मौके पर मौत हो गई। सहायक चालक ने कानपुर ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसा बुधवार तड़के लगभग चार बजे हुआ।
रायबरेली लालगंज के राजेंद्र बहादुर सिंह के तीन ट्रक मौरंग लादकर बांदा से लालगंज लौट रहे थे। एक ट्रक में चालक अमित कुमार और सहायक चालक रवि कुमार (20) थे। रवि महर्षि विद्या मंदिर रोड कांशीराम कालोनी निवासी सोहन का बेटा था। कटका मोड़ के पास ट्रक का पिछला टायर पंचर हो गया। तीनों ट्रक सड़क किनारे खड़े हो गए। टायर खोलने के लिए रवि जैक लगाने लगा। दूसरे ट्रक का खलासी रायबरेली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र
के बदहोई गांव निवासी नौशाद का बेटा शहबाज उर्फ जॉनी (22) मदद के लिए पहुंचा। रवि व जॉनी टायर खोलने में जुटे थे, तभी बांदा की ओर से गिट्टी लादकर आ रहे ट्रक ने दोनों को चपेट में ले लिया। हादसे के चलते हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। शाह चौकी इंचार्ज मुकेश सिंह पहुंचे। जॉनी की मौके पर ही
मौत हो गई। रवि को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां से डाक्टर ने कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर ले जाते समय उसकी सांसें थम गईं। शाह चौकी पुलिस ने घटनास्थल की सूचना मलवां पुलिस को दी। मलवां थानाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि हादसा करने वाला ट्रक पकड़ा गया है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।