बकेवर। राजकीय प्राइमरी पाठशाला कपरिया ऊसर की महिला प्रधानाध्यापक पर छात्रों को प्रताड़ित करने का आरोप लगा है। अभिभावकों की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट भी दर्ज कर ली है। पुलिस ने छात्रों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है।
राजकीय प्राइमरी पाठशाला कपरिया ऊसर की प्रधानाध्यापक शिल्पा 10 साल से विद्यालय में तैनात हैं। इन्होंने बाबू के बेटे कक्षा पांच के छात्र धीरू और सूरजपाल के बेटे अरविंद की पिटाई कर दी थी। इसकी शिकायत छात्रों के परिजनों ने थाने में की। सूचना पर पहुंची बीईओ कृपाशंकर यादव ने भी स्कूल पहुंचकर जांच की। उधर, प्रधानाध्यापिका शिल्पा का कहना है कि दोनों छात्र बहुत उद्दंड हैं। विद्यालय में उद्दंडता कर रहे थे, इसी बात पर दो-दो थप्पड़ मारे हैं। प्रताड़ित करने की बात गलत है। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि प्रधानाध्यापक शिल्पा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की सूचना विभागीय अधिकारियों को भी दे दी गई हैं।