फतेहपुर। नगर पालिका परिषद जल्द ही शहर से निकलने वाले कूड़ा कचरे से खाद तैयार करेगी। इसके लिए पोस्टमार्टम हाउस के पास एमआरएफ सेंटर का निर्माण शुरू हो गया है। सेंटर बनकर तैयार होने के बाद शहर के अंदर बने कूड़ा डंपिंग सेंटरों से छुटकारा मिलेगा।
शहर में 46 कूड़ा डंपिंग सेंटर हैं। इन सभी से प्रतिदिन करीब 56 टन कूड़ा कचरा निकलता है। कूड़ा कचरा निस्तारण के लिए नगर पालिका परिषद का ध्यान अब गया है। इसके लिए शहर की आबादी से बाहर पोस्टमार्टम हाउस के समीप एमआरएफ सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। यहां पर शहर से निकले वाला कूड़ा कचरा पहुंचाया जाएगा। यहां पर कर्मचारी कूड़े की छंटनी करेंगे। इसी से खाद तैयार की जाएगी। यहां से तैयार खाद की विक्री कर नगर पालिका अतिरिक्त आय का जरिया पैदा करेगी। सफाई एवं स्वास्थ्य निरीक्षक राकेश कुमार गौड़ ने बताया कि बहुत जल्द शहरवासियों को कूड़ा डंपिंग सेंटरों से मुक्ति मिलने वाली है। सफाई कर्मचारी हाथ ठेलो में कूड़ा लाकर हर वार्ड में उपलब्ध टाटा मैजिक में देंगे। टाटा मैजिक कांपेक्टर में कूड़ा देगी। कांपेक्टर से कूड़ा एमआरफ सेंटर पहुंचाया जाएगा। यहां पर कूड़ा के छंटनी करके खाद तैयार की जाएगी।