खागा। तहसील क्षेत्र के महिचा मंदिर-संवत मार्ग के करीब बहने वाली संवत माइनर ने रविवार को फिर से किसानों के लिए सिरदर्द पैदा कर दिया। नहर में पानी के तेज बहाव के चलते फिर से खांदी कट गई और पानी ने किसानों की बची फसल को नष्ट कर दिया। सूचना पर एसडीएम व अधिशाषी अभियंता मौके पर पहुंचे।
संवत माइनर में शुक्रवार को खांदी कटने के कारण स्थानीय किसानों के खेत में जलभराव हो गया। इससे उनकी फसलें नष्ट हो गई थी। किसी तरह से विभाग ने नहर के इस कटाव को बंद किया तो किसानों ने राहत की सांस ली। किसानों को हुए नुकसान को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अखिलेश पांडेय, सुनील तिवारी एसडीएम से भी मिले और मुआवजे की मांग की। एसडीएम ने मांग को जायज बताते हुए मुआवजा दिलाने की बात कही। इससे पहले कि किसानों को हुए नुकसान की भरपाई होती, रविवार की सुबह फिर से उसी जगह पर नहर में खांदी कट गई। पानी फिर से उफान मारता हुआ किसानों की फसलों को भी नष्ट करता हुए निकल गया। सूचना पर एसडीएम मौके पर पहुंचे और नहर विभाग के एक्सईएन को भी बुलाया और हकीकत दिखाते हुए तत्काल बंद कराने के लिए कहा। तेज बहाव के चलते नहर पूरी तरह से ओवरफ्लो हो चुकी है।