खागा। नगर क्षेत्र के तालाब, वन विभाग और आरक्षित आबादी की करीब 35 बीघा जमीन पर अवैध कब्जे का मामला खाद्य व रसद राज्यमंत्री ने विधानसभा में उठाया है। इससे राजस्व विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। एसडीएम ने पांच सदस्यीय टीम बनाकर पैमाइश कराने और उसे खाली कराने के निर्देश दिए हैं।
नगर क्षेत्र के तालाब, वन विभाग और आरक्षित आबादी की जमीन पर भू-माफियाओं ने अवैध कब्जा कर, उसकी प्लाटिंग कर दी है। कई जगह इन जमीनों पर आलीशॉन मकान बने हैं। खाद्य रसद आपूर्ति राज्यमंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह ने अवैध कब्जा की शिकायत विधानसभा में की है। इस पर तहसील प्रशासन में हड़कंप मच गया है। एसडीएम विजय शंकर तिवारी ने बताया कि तहसीलदार के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम बनाई गई है। इसमें
राजस्व, नगर पंचायत और वन विभाग के अधिकारियों को रखा गया है। जमीनों की पैमाइश कराकर सरकारी जमीन से कब्जा जल्द हटाया जाएगा। नगर पंचायत व वन विभाग कब्जेदारों को नोटिस जारी कर रहा है। तहसीलदार शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि तीन तालाब नंबर, पांच वन विभाग के नंबर, एक स्कूल व एक आरक्षित जमीन में अवैध लोगों ने कब्जा कर लिया है। यह करीब 35 बीघा जमीन है। इसमें करीब 150 मकान बने हैं। इसके पैमाइश व परीक्षण की रिपोर्ट डीएम को भेजी गई है।