फतेहपुर। डीएम ने सीएमओ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। जिसमें किसी कर्मचारी के कार्यों का व्यवस्थित विभाजन न होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। डीएम संजीव सिंह ने सभी पीएचसी और सीएचसी में बायामीट्रिक मशीनें लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सीडीओ थमीम अंसरिया ए, पीडी अशोक निगम, डीडीओ रमेश चंद्रा और कोषाधिकारी साहित्य कुमार के साथ संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण में डाक्टरों की सेवा पुस्तिका में सेवा सत्यापन, सेवा स्थायीकरण, वेतन निर्धारण न होना और जीपीएफ पुस्तिका में कटौतियां एवं ब्याज निर्धारण अधूरा पाया गया। इसी क्रम में दवा स्टोर में लोकल परचेज का सही ब्योरा नहीं मिला। दवा की मांग एवं आपूर्ति के अभिलेख सही तरीके से नही मिले। पटल सहायक उपस्थित न होने के कारण जांच पूर्ण नहीं हो सकी। जिस पर डीएम ने अलग से कमेटी गठित कर जांच कराने के आदेश दिए। डीएम ने सीएमओ को निर्देशित किया कि बायोमेट्रिक मशीन लगाइ जाए ताकि चिकित्सकों एवं पैरा मेडिकल स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित कराई जा सके।