औंग। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर आशापुर के पास गुरुवार रात लगभग 12 बजे मौरंग लदा ट्रक वन-वे मार्ग पर खराब हो गया। इससे यातायात बाधित हो गया। 100 नंबर की सूचना पर पुलिस पहुंची। क्रेन से ट्रक को हटवाने के बाद करीब नौ घंटे बाद यातायात बहाल कराया जा सका।
हाईवे चौड़ीकरण के लिए दो अंडर पास व एक ओवरब्रिज निर्माण में तीन स्थानों पर हाईवे में वन वे है। आशापुर गांव के वन-वे प्वाइंट पर कानपुर से मौरंग लेकर जा रहा ट्रक रात 12 बजे अचानक खराब हो गया। बीच हाईवे पर ट्रक खड़ा होने से यातायात बाधित हो गया। त्योहार के चलते इन दिनों हाईवे पर वाहनों की काफी भीड़ है।
एक-एक कर वाहन खड़े होते गए। वन-वे में बेतरतीब तरीके से वाहन पहुंच जाने से लंबा जाम लग गया। भोर से हालात और भी खराब हो गए। थानेदार राकेश मौर्या, पीआरवी टीम पहुंची। कानपुर के सिकठियापुरवा से लेकर चौडगरा कस्बे तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हजारों की संख्या में वाहन फंसे रहे। यातायात सुबह को और
गंभीर होने लगा। बच्चों को लेने जा रहे स्कूली वाहन जाम में फंस गए। छात्र-छात्राएं स्कूल नहीं पहुंच सके। एंबुलेंस को दूसरे रास्ते से निकाला गया। जाम में कई एंबुलेंस भी फंसी दिखी। करीब सुबह नौ बजे यातायात बहाल हो सका। एसओ राकेश मौर्या ने बताया कि जाम रात को बहाल कराया गया था लेकिन वाहनों के इकट्ठा होने से धीरे धीरे आवागमन होता रहा।