विवाहिता की आग से जलकर मौत
मायके पक्ष ने दर्ज कराई दहेज हत्या की रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
खागा। कुंभपुर गांव में विवाहिता की सोमवार सुबह संदिग्ध हालात में आग की चपेट में आने से मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई है।
हथगाम थाना क्षेत्र के फजिलपुर के मजरा परमानंदपुर निवासी सियाकली पत्नी स्व फूलचंद्र ने अपनी बेटी रीता देवी (25) की शादी सात मई 2013 को खागा कोतवाली क्षेत्र के कुंभीपुर निवासी छेदीलाल के बेटे दीपचंद्र रैदास से की थी। सोमवार सुबह संदिग्ध हालात में रीता आग का गोला बन गई। इससे पहले की कोई कुछ कर पाता, उसकी जलकर मौत हो गई। गांव के लोगों ने यह खबर मायके पक्ष को दी तो सियाकली परिजनों के साथ कुंभीपुर गांव आई। सियाकली ने खागा कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि ससुरालीजन शादी के बाद से उसकी बेटी से एक बाइक व 50 हजार रुपये की मांग करते थे। कई बार इस बात को लेकर झगड़ा व पंचायत भी हुई। आरोप लगाया कि सास, ससुर, ददिया ससुर, पति ने मिलकर उसकी बेटी को सोमवार की सुबह आग से जलाकर मार डाला है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल परशुराम ने बताया कि रीता की मां ने तहरीर दिया है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।