हाईवे मार्गों से हटीं शराब दुकानों में ज्यादातर गांवों के संपर्क मार्ग पर खोली जा रही हैं। दुकानों का व्यवस्थापन ठीक से अभी चालू नहीं हुआ है कि इलाकाई लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। रिहायशी आवास, स्कूल, मंदिर, मसजिद होने के बीच खुलने वाली शराब दुकानों से इलाकाई लोगों को दिक्कत पैदा होना लाजिमी है।
ललौली थाना के बहुआ के लोगों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट में एसडीएम को शिकायती पत्र देकर शराब की दुकान खोले जाने पर आपत्ति जताई है। इलाकाई भाजपा नेता अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि शराब की दुकान इंद्रपाल सिंह गौतम के खाली पड़े मकान में चालू कराई जा रही है। उस जगह से जुड़े कई रिहायशी मकान हैं। मंदिर, मसजिद और स्कूल भी हैं। इसका कुप्रभाव बच्चों पर पड़ेगा। पूजा पाठ के दौरान आस्था में ठेस पहुंचेगी। दुकान मौके से हटाए जाने की मांग की है।
उनके साथ सुरेंद्र कुमार, संतोष गुप्ता, प्रदीप कुमार, राजू, रामबाबू, उमाशंकर, गोविंद आनंद, इसरत, वैभव, अनुराग आदि लोगों ने भी शराब की दुकान हटाने की मांग की है। वहीं रसूलपुर लदिगवां में संचालित महाविद्यालय के प्रबंधक सत्य प्रकाश लदिगवां गांव में शराब की दुकान का विरोध किया है। उनका आरोप है कि महाविद्यालय और इंटर कालेज के बीच में नई शराब की दुकान खुलने जा रही है। इससे अराजक तत्वों का अड्डा लगेगा। उन्होंने डीएम, एसडीएम, ललौली थाने, आबकारी विभाग को दुकान हटाने के संबंध में शिकायती पत्र दिया है।