खागा कोतवाली में बच्चे को लेकर रात को पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
रेलवे स्टेशन से एक हफ्ते पहले लापता दीपक (10) रविवार रात बिछड़े मां बाप को दोबारा मिल गया। लाड़ले को पाकर परिजनों में खुशी की लहर छा गई। पुलिस ने बच्चे को परिजनों के सुपुर्द किया है।
दीपक सिंह खागा कोतवाली क्षेत्र के नरोत्तमपुर गांव निवासी झल्लर का बेटा है। वह अपने बहनोई के साथ एक सप्ताह पहले पानीपत ट्रेन से जा रहा था। फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर बहनोई के साथ कोई सामान लेने उतरा था। तभी भीड़ में अचानक लापता हो गया था। घटना की सूचना पर खागा पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर बच्चे की तलाश में जुटी थी।
आपरेशन स्माइल के तहत सर्च अभियान चलाया गया। खागा कोतवाल मोहम्मद शरीफ खां ने बताया कि बच्चा उसी ट्रेन में दोबारा बैठ गया था लेकिन बहनोई से नहीं मिल पाया था। वह कानपुर में उतर गया था। भूखा प्यासा घूम रहा था। तब उसने होटल में काम करना शुरू कर दिया था। पहले काफी सदमे में बच्चा रहा है। उनके जानने वाले होटल में रविवार को पहुंच गए थे। उनसे बच्चे ने खुद को खागा का रहने वाला बताया। सूचना पर पुलिस और परिजनों को भेजकर बच्चे की बरामदगी की गई।