अमौली में 24 घंटे के अंदर मंगलपुर टकौली गांव में एक और मौत हो गई। मरने वाला किशोर था। जिसका कानपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। युवक को डेंगू था। इस तरह से पखवारे भर के अंदर इस गांव में बुखार से पांच की मौत हो चुकी है।
गांव के प्रदीप कुरील का 15 साल का बेटा प्रांशु प्रयागराज में रहकर हाई स्कूल की पढ़ाई कर रहा था। लॉकडाउन में वह घर लौट आया था। सप्ताह भर पहले उसे बुखार आना शुरू हुआ था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे कानपुर ले गए थे। एक निजी अस्पताल में प्रांशु का इलाज चल रहा था।
वह पांच दिनों से वेंटिलेटर पर था। शुक्रवार की रात हालत ज्यादा बिगड़ गई और मौत हो गई । अस्पताल की कराई जांच में किशोर के डेंगू संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। जिससे गांव में मच्छर जनित बीमारियों का भी खौफ बढ़ चला है।