खागा में संचारी रोग नियंत्रण अभियान में नगर पंचायत की ओर से सभी वार्डों की साफ सफाई की गई। अभियान के अंतिम दिन शुक्रवार को 10 सदस्यीय टीम ने वार्डों का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की। इस रिपोर्ट से वार्डों में व्यवस्था के अनुसार अंक दिए जाएंगे। सबसे अच्छा कार्य करने वाले सफाई नायक को पुरस्कृत किया जाएगा।
नगर पंचायत ने एक जुलाई से 31 जुलाई तक वार्डों में सफाई की एक प्रतियोगिता कराई थी। यह प्रतियोगिता संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत थी। इसमें नगर पंचायत के तीन सफाई नायकों के निर्देश पर यह कार्य कराए जा रहे थे। शुक्रवार को प्रतियोगिता का अंतिम दिन था। नगर पंचायत में लिपिक पद पर तैनात संदीप कुमार की अध्यक्षता में 10 सदस्यीय टीम का गठन किया गया। इसमें व्यापार मंडल के साथ ही सभासद शामिल हुए। जिन्होंने मोहल्लों का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की।
ईओ लालचंद्र मौर्य ने बताया कि सफाई के लिए 10-10 अंक निश्चित किए गए हैं। गठित टीम हर मोहल्ले में चले अभियान को देखकर इन पांच बिंदुओं पर अंक देगी। 50 अंक में सबसे अच्छे अंक प्राप्त करने वाले मोहल्लों के सफाई नायक को 15 अगस्त के दिन पुरस्कृत किया जाएगा। जांच टीम में व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ल, सूरज सिंह, कलीम शेख, कमल किशोर, भइयालाल, ज्ञान नारायण, गोपालदास मौजूद थे।