हाईवे पर पब्लिक की ओर से खोदकर बनाए गए शार्टकट के
चक्कर में रविवार को बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वह हाईवे की दूसरी लेन
की तरफ बने पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। कट पार करते ही तेज रफ्तार डीसीएम
ने चपेट में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के
सुमेरपुर गांव निवासी किसान गोविंद कुमार शहर किसी काम से आए थे। मलवा
हाईवे पर कैंची मोड़ के पास पेट्रोल पंप जाने के लिए पब्लिक के द्वारा बनाए
गए शार्टकट से हाइवे पार करने लगे।
वह जैसे ही कट से निकले तभी कानपुर की
ओर से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक को चपेट में ले लिया। जिससे वह बाइक
समेत कुछ दूरी तक डीसीएम में फंसकर घिसटते चले गए। इसके बाद चालक डीसीएम
छोड़कर भाग निकला।
दुर्घटना होते देख आसपास मौजूद लोग दौड़कर पहुंचे, लेकिन
तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों
को सूचना दी। जिससे घर में कोहराम मच गया। सौंरा चौकी इंचार्ज प्रदीप कुमार
ने बताया कि हादसा अवैध कट की वजह से हुआ है। कट पार करते बाइक सवार
डीसीएम को देख नहीं पाया और घटना हो गई।