पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत रविवार के बूथ डे ने पिछले राउंड से
बाजी मार ली। इस राउंड में 391 अधिक बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाई गई।
अभियान की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें राउंड करती रहीं। बूथों
पर दस बजे के बाद रौनक शुरू हुई तो आइसबाक्स समेटने तक जारी रही।
रविवार को सदर अस्पताल के बूथ में डीएम राकेश कुमार ने एक मासूम को पोलियो की खुराक पिला करके अभियान का शुभारंभ किया।
उन्होंने समाज से अपील करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर लड़ी जा रही जंग का सारथी बनने की गुजारिश की। कहा कि पोलियो के प्रति संजीदा रह करके ही इस लड़ाई को पूरी तरह से जीता जा सकता है।
सीएमओ डॉ. विनय कुमार ने पोलियो अभियान पर बोलने के साथ अभिभावकों से कंधे से कंधा मिला कर साथ चलने की बात कही। अभियान की सफलता के लिए 1280 ट्रांजिस्ट व 39 मोबाइल टीमें लगी रहीं।
इस बार के बूथ डे में कुल 184208 बच्चों ने पोलियो की खुराक पी जबकि पिछले राउंड में यह संख्या 183817 थी। पल्स पोलियो प्रतिरक्षण कार्यक्रम प्रभारी डॉ. एके सिंह ने बताया कि सोमवार से शुक्रवार तक डोर टू डोर पोलियो की खुराक पिलाने का अभियान चलेगा।