अल्लीपुर। मलवां थाना क्षेत्र के मीरमऊ गांव में दोपहर के वक्त भीषण आग लग गई। आग की लपटों ने एक के बाद एक पंद्रह कच्चे घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग से एक महिला व आठ मवेशी झुलस गए। सूचना पर पहुंची दो दमकल गाड़ियां शाम तक आग बुझाने के प्रयास में जुटी रही।
सीएफओ उमेश गौतम ने बताया कि आग के कारण का पता किया जा रहा है। अभी सटीक नुकसान का भी कोई आंकलन नहीं किया गया है।
मंगलवार की शाम चार बजे के आसपास गांव के एक घर में अचानक आग लग गई। छतों में लगे पुआल के ढेर और छप्परों से आग फैलती चली गई। ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई। उन्होंने आग बुझाने के प्रयास के साथ ही पुलिस व दमकल को भी सूचना दी।
कुछ ही देर में सीएफओ व थानाध्यक्ष अरविंद सिंह भी गांव पहुंच गए। पहुंचे। एक घर में सिलिंडर जल रहा था। पुलिस ने छत के रास्ते से सिलिंडर को किसी तरह बाहर निकाला।
ग्रामीणों ने समर्सिबल पंप से पानी का छिड़काव किया। दमकल भी लपटों को ठंडा करने में जुटी रही। तब जाकर शाम सात बजे के आसपास आग पर काबू किया जा सका। अग्निकांड में मेवालाल लोधी की दो बकरियां व तीन बकरी के बच्चे जल गए, इंद्रपाल की गृहस्थी का सामान और बेटी शादी के लिए रखी 20 हजार की नकदी जल गई।
दयाशंकर की गाय, खभोला की एक भैंस, बाइक, सुकेंद्र की गाय, गृहस्थी, बाइक जल गई। रानू, सघन, दीपक, किशुन, शिवकरन सिंह, दयाशंकर, गोविंद का अनाज और गृहस्थी का सामान जला है। आग बुझाने में बिटान देवी का एक हाथ झुलस गया।
मौके पर एसडीएम अवधेश कुमार निगम, तहसीलदार सर्वेश सिंह गौड़,नायब रवि कुमार, कानूनगो सुनील तिवारी, लेखपाल अजीजुद्दीन पहुंचे। नुकसान का आंकलन किया।