विजयीपुर। क्षेत्र में अवैध अस्पतालों के खिलाफ शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छह मेडिकल स्टोर और क्लीनिकों को नोटिस जारी किया है। दो क्लीनिकों को मौके पर बंद कराया गया। वहीं तीन क्लीनिक संचालक टीम के पहुंचने से पहले ही दुकान बंद कर भाग गए।
कस्बे में एक साल पहले सील हुआ सद्गुरु क्लीनिक भी अब तक संचालित होता मिला। टीम की सूचना पर संचालक उसे बंद कर भाग गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. बृजेश पांडेय ने टीम के साथ विजयीपुर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान कृष्णा मेडिकल स्टोर, जेके क्लीनिक, शिवम मेडिकल स्टोर, वीरेंद्र क्लीनिक और प्रगति पैथोलॉजी सहित छह संस्थानों को नोटिस दिया गया।
जीनियस पैथोलॉजी, राज पैथोलॉजी, सद्गुरु क्लीनिक और उमा हेल्थ केयर में ताला बंद होने के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी। निरीक्षण में शिवम मेडिकल स्टोर पर मरीज का इलाज करते हुए पाया गया। इस पर भी नोटिस दिया गया।
नवीनीकरण नहीं होने पर नैंसी हॉस्पिटल सील
फतेहपुर। बिना मानक चल रहे नर्सिंग होम के खिलाफ अभियान के तहत शुक्रवार को नैंसी हॉस्पिटल को सील कर दिया गया। यह कार्रवाई मुख्य चिकित्साधिकारी की टीम द्वारा की गई। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी पीके सिंह ने बताया कि टीम ने नैंसी हॉस्पिटल का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अस्पताल के पंजीकरण की जांच की गई। आवश्यक दस्तावेजों की भी पड़ताल हुई। संचालन संबंधी मानकों का भी सत्यापन किया गया। टीम ने पाया कि नर्सिंग होम का नवीनीकरण नहीं हुआ था। इस महत्वपूर्ण कमी के कारण अस्पताल को सील करने का निर्णय लिया गया।