फतेहपुर। विद्युत वितरण मंडल में 68.14 लाख के फ्यूज सेट और एसएमसी बॉक्स की खरीद व स्थापना में अनियमितता के आरोपों पर प्रबंधन ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
तत्कालीन अधिशासी अभियंता की शिकायत के बाद प्रबंध निदेशक (एमडी) संदीप कुमार ने संबंधित चार अधिकारियों और फर्म को नोटिस जारी कर पांच दिन में जवाब मांगा है। जवाब मिलने के बाद जांच टीम खरीद प्रक्रिया से लेकर भुगतान तक के अभिलेखों की पड़ताल करेगी।
मामले में अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार वर्मा, अधिशासी अभियंता विद्युत कार्यशाला सत्यप्रकाश, एसडीओ विजय कुमार और जेई धनंजय शर्मा की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। शिकायत में आरोप है कि 3000 एलटी फ्यूज सेट और एसएमसी बॉक्स की खरीद व स्थापना में निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। सामग्री की गुणवत्ता जांच, थर्ड पार्टी निरीक्षण और मौके पर स्थापना की पुष्टि किए बिना भुगतान करा दिया गया।
आरोप है कि इसी वर्ष 16 अप्रैल को मेसर्स आकाशा इंटरप्राइजेज के साथ करीब 68.14 लाख का अनुबंध किया गया था। तत्कालीन एक्सईएन राजेश कुमार ने शिकायत में दावा किया कि औपचारिकताएं और सत्यापन पूरा किए बिना 13 अगस्त को भुगतान के लिए बिल पारित कर दिया गया। हालांकि, आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
वहीं अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि उन्हें पत्र मिला है और उसका जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह जांच से पीछे नहीं हैं। पूरे प्रकरण की जांच होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।